
राजस्थान पुलिस जिला दौसा
दिनांक: 16.07.2026
थाना बसवा एवं थाना बांदीकुई में सीएलजी सदस्यों की बैठक आयोजित
जिला पुलिस अधीक्षक दौसा श्री पीयूष दीक्षित, आईपीएस, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दौसा श्री शंकर लाल मीणा, आरपीएस एवं वृत्ताधिकारी, वृत्त बांदीकुई श्री लक्ष्मीकांत शर्मा, आरपीएस द्वारा थाना बसवा एवं थाना बांदीकुई में सीएलजी (Community Liaison Group) सदस्यों की बैठक आयोजित कर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं जनसहभागिता से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने सीएलजी सदस्यों से क्षेत्र में शांति, सौहार्द एवं भाईचारा बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। साथ ही समाज में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों, अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, साइबर अपराध, महिला एवं बाल अपराध, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों तथा अन्य किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को देने की अपील की।
अधिकारियों ने कहा कि पुलिस एवं आमजन के बीच मजबूत समन्वय और विश्वास ही प्रभावी पुलिसिंग की आधारशिला है। सीएलजी सदस्य पुलिस के महत्वपूर्ण सहयोगी हैं, जिनके सहयोग से क्षेत्र में अपराधों की रोकथाम, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की जा सकती है।
बैठक में साइबर ठगी से बचाव, यातायात नियमों की पालना, नशा मुक्ति अभियान, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग तथा अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं से बचने के संबंध में भी जागरूक किया गया।
बैठक के अंत में उपस्थित सीएलजी सदस्यों ने पुलिस प्रशासन को हर संभव सहयोग देने, क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने तथा जनजागरूकता अभियानों में सक्रिय सहभागिता निभाने का विश्वास दिलाया।
Baswa, Dausa | Jul 16, 2026