
पंचायती राज मंत्री के आगमन पर सपा लोहिया वाहिनी ने सौंपा ज्ञापन, पंचायतों में भ्रष्टाचार और बयानबाजी पर जताया विरोध
ख़बर टाइम्स देवरिया।
पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर के जनपद आगमन पर रविवार को समाजवादी लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष दिव्यांश श्रीवास्तव के नेतृत्व में तहसीलदार को एक सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में पंचायत व्यवस्था में कथित भ्रष्टाचार की जांच कराने और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर की जा रही कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों पर रोक लगाने की मांग की गई।
दिव्यांश श्रीवास्तव ने कहा कि प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों की जनता आज भी पेयजल, सड़क, नाली, स्वच्छता समेत मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है। पंचायतों को लोकतंत्र की आधारशिला बताया जाता है, लेकिन कई स्थानों पर विकास कार्यों में देरी, अनियमितताओं के आरोप और अधूरे निर्माण कार्य जैसी समस्याएं बनी हुई हैं। उन्होंने पंचायत व्यवस्था की निष्पक्ष समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों तक पारदर्शी तरीके से पहुंच सके।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि सोशल मीडिया पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ की जा रही कथित गलत बयानबाजी और टिप्पणियां निंदनीय हैं तथा इस पर भी उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।
इस दौरान काका चौधरी, विनोद सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
#deorianews
Barhaj, Deoria | Jul 13, 2026