
झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से और उससे सटे पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट पर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब अच्छी तरह चिह्नित निम्न दबाव वाले क्षेत्र में बदल गया है। इसके प्रभाव से आज राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने आज के लिए गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं हजारीबाग, बोकारो, कोडरमा, रांची, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, गिरिडीह और धनबाद में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ वज्रपात और तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार निम्न दबाव का क्षेत्र उत्तर ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है।
इसके कारण झारखंड में अगले 24 घंटे मौसम के लिहाज से काफी सक्रिय रहने की संभावना है। रांची और आसपास के इलाकों में भी दिनभर बादल छाये रहने तथा मध्यम दर्जे की बारिश होने के आसार हैं।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार बारिश का असर 31 अगस्त के बाद भी बना रहेगा। 1 सितंबर को गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, रांची, खूंटी, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में यलो अलर्ट रहेगा। वहीं 2 सितंबर को गुमला, सिमडेगा, खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में 1 और 2 सितंबर को भी दो या अधिक बार हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 3 सितंबर से बारिश की गतिविधि कमजोर पड़ने के संकेत हैं, हालांकि कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इसके बाद 4 सितंबर को रांची समेत कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और 5 सितंबर को गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।
Namkum, Ranchi | Aug 31, 2026