
सिरसा में आंगन में सो रही दो बच्चों की मां पर फेंका तेजाब: शरीर के निचले हिस्से पर गहरे जख्म...
हरियाणा के सिरसा जिले के नाथूसरी चौपटा क्षेत्र के गांव हंजीरा में एक महिला पर ज्वलनशील पदार्थ फेंकने का मामला सामने आया है। घटना में 28 वर्षीय महिला सरोज देवी गंभीर रूप से झुलस हो गई हैं। उनका उपचार सिरसा के सामान्य अस्पताल में चल रहा है। नाथूसरी चौपटा पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सरोज देवी अपने मायके में रहती हैं। बुधवार तड़के करीब चार बजे वह घर के आंगन में सो रही थीं। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके कंबल पर ज्वलनशील पदार्थ फेंका और मौके से फरार हो गया।
महिला के चिल्लाने पर नींद से जागे परिजन
महिला के चिल्लाने पर परिवार के सदस्य जाग गए और तुरंत उन्हें चौपटा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। वहां से उन्हें सिरसा के सामान्य अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सरोज देवी ने नाथूसरी चौपटा पुलिस को शिकायत दी है, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि फेंका गया पदार्थ तेजाब था, जिससे महिला के पेट और शरीर के निचले हिस्से पर गहरे जख्म हुए हैं। सरोज देवी पिछले तीन साल से गांव में रह रही हैं और उनके दो बच्चे हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
#sirsa #tejab #burn #village #nathusari #breaking #crime #takkartoday #police
Sirsa, Sirsa | Jun 4, 2026