#शिमला :- हजारों किलोमीटर दूर पहुंचकर चौपाल पुलिस ने पांडिचेरी से मटाल निवासी को खोज निकाला..!
चौपाल पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए मटाल निवासी 48 वर्षीय जगदीश सिंह को पांडिचेरी से सुरक्षित खोज निकाला है। जगदीश सिंह पुत्र स्वर्गीय कृपा राम, निवासी गांव मटाल, तहसील चौपाल, जिला शिमला, पिछले कुछ समय से घर से बाहर थे।
जगदीश सिंह की तलाश के लिए चौपाल पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे थे। हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम ने पांडिचेरी के कोट्टाकुप्पम क्षेत्र में पहुंचकर जगदीश सिंह का पता लगाया और उन्हें सुरक्षित बरामद कर लिया।
चौपाल पुलिस की टीम द्वारा हिमाचल से हजारों किलोमीटर दूर जाकर की गई इस कार्रवाई से परिजनों को बड़ी राहत मिली है। पुलिस टीम की तत्परता और लगातार प्रयासों की सराहना की जा रही है।