
डोरी चुन रही महिला को कुचलकर किया गंभीर घायल:
वन विभाग ने तत्काल ₹15 हजार की सहायता दी, इलाज का पूरा खर्च उठाने का आश्वासन
गढ़वा जिले के चिनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत विलैती खैर गांव में शनिवार देर शाम जंगली हाथी के हमले में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला की पहचान गांव निवासी ललन सिंह की पत्नी पूनम देवी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, पूनम देवी अपने घर से सटे जंगल के किनारे डोरी (वनोपज) चुन रही थीं। इसी दौरान अचानक एक जंगली हाथी वहां पहुंच गया और महिला को अपनी चपेट में ले लिया। हाथी ने अपने पैरों से महिला को कुचल दिया, जिससे उनके पैर में गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने घायल महिला को तत्काल इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही आज रविवार सुबह 8:00 बजे वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। प्रभारी वनपाल अनिमेष कुमार ने तत्काल राहत के तौर पर इलाज के लिए ₹15 हजार की नकद सहायता प्रदान की। उन्होंने बताया कि महिला के इलाज में होने वाला पूरा खर्च वन विभाग वहन करेगा। साथ ही क्षेत्र के लोगों से जंगली हाथियों की गतिविधियों को देखते हुए जंगल की ओर जाते समय विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई।
#JharkhandNews
#garhwa_news
#ForestDepartment
Chinia, Garhwa | Jun 28, 2026