
दुर्गा पूजा को लेकर पांकी में निकला फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
पांकी (पलामू)। शारदीय दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को पांकी में पुलिस प्रशासन की ओर से फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस प्रशासन ने आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया।
फ्लैग मार्च में अंचलाधिकारी मारवाड़ी साहू, इंस्पेक्टर जीतनराम महली, पांकी थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान शामिल हुए। इस दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क है। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से दुर्गा पूजा का त्योहार आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। साथ ही पर्व के दौरान सामाजिक सद्भाव बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया।
Panki, Palamu | Oct 17, 2026