
मुरैना। जिले में यात्री सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना ने गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित कंट्रोल रूम में बस संचालकों एवं उनके प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की। बैठक में जिले के 50 से अधिक बस संचालकों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बसों का संचालन निर्धारित क्षमता और यातायात नियमों के अनुरूप किया जाए। उन्होंने कहा कि ओवरलोडिंग, तेज गति, लापरवाहीपूर्ण वाहन संचालन, अवैध पार्किंग तथा बिना वैध दस्तावेजों के बसों का संचालन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसपी ने बस संचालकों को सभी वाहनों के फिटनेस प्रमाण-पत्र, परमिट, बीमा, पंजीयन एवं प्रदूषण प्रमाण-पत्र अद्यतन रखने के निर्देश दिए। साथ ही बसों में स्पीड गवर्नर, जीपीएस सिस्टम एवं आवश्यकतानुसार सीसीटीवी कैमरे लगाने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि चालक एवं परिचालक निर्धारित वर्दी में ड्यूटी करें तथा रात्रिकालीन बस संचालन के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाए। बसों में फर्स्ट एड बॉक्स और अग्निशमन यंत्र कार्यशील अवस्था में रखना भी अनिवार्य बताया गया।
बैठक में महिला, बच्चों एवं वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने तथा सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रमों में सहयोग करने की अपील की गई। यात्रियों से केवल निर्धारित किराया वसूलने और किसी भी प्रकार की अवैध वसूली से बचने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि चालक एवं परिचालक यात्रियों के साथ शालीन व्यवहार रखें। शराब या अन्य नशीले पदार्थों के सेवन की स्थिति में वाहन संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
बैठक के दौरान बस संचालकों की समस्याएं भी सुनी गईं तथा सुरक्षित एवं व्यवस्थित परिवहन व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन को सहयोग देने का आग्रह किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर, यातायात थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।