
नशीली फसल उगाई तो होगी कार्रवाई, अवैध ड्रग्स और शराब के कारोबार पर प्रशासन की नजर
अमेठी। नशे की खेती से लेकर मादक पदार्थों की बिक्री और अवैध शराब के कारोबार तक पर अब प्रशासन ने निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी शशांक चौधरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एनकार्ड की जिला स्तरीय समिति की बैठक हुई, जिसमें पुलिस, आबकारी, ड्रग्स, स्वास्थ्य और कृषि विभाग को आपसी समन्वय से कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में नारकोटिक्स पदार्थ, ड्रग्स और अवैध शराब का निर्माण, बिक्री या संचय नहीं होना चाहिए। अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए सभी संबंधित विभाग समन्वय बनाकर अभियान चलाएं। एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों में प्रभावी पैरवी कर आरोपियों को न्यायालय से सजा दिलाने के प्रयास किए जाएं।
स्कूल-कॉलेजों में चलेगा नशामुक्ति अभियान
युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने के लिए स्कूल-कॉलेजों में नियमित जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। माध्यमिक और बेसिक शिक्षा विभाग को विद्यालयों में नशामुक्ति अभियान संचालित करने को कहा गया। स्वास्थ्य विभाग को भी इस दिशा में विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए गए।
नशे की खेती पर कृषि विभाग रखेगा नजर
जिलाधिकारी ने कृषि विभाग को जिले में कहीं भी नशीले पदार्थों की खेती न होने देने के लिए सतर्क निगरानी के निर्देश दिए। अवैध खेती की जानकारी मिलने पर संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व ज्योति सिंह, एएसपी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह, सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह, जिला आबकारी अधिकारी अखिलेश आर्य, एसडीएम, क्षेत्राधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
DM Amethi IAS Shashank Chaudhary UP Police Amethi Police
Amethi, Amethi | Sep 24, 2026