
सोरों में 12 लाख रुपये की अफीम के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, पुलिस ने अर्टिगा कार और मोबाइल भी किए बरामद
थाना सोरों पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई, 900 ग्राम अफीम के साथ तीन आरोपी दबोचे
कासगंज, 12 जुलाई 2026। जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सोरों पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 12 लाख रुपये कीमत की 900 ग्राम अवैध अफीम, तस्करी में प्रयुक्त एक अर्टिगा कार तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के पर्यवेक्षण में क्षेत्राधिकारी नगर आंचल चौहान के नेतृत्व में यह कार्रवाई 11 जुलाई की देर शाम चेकिंग अभियान के दौरान फरीदनगर कट के पास की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जितेंद्र कुमार उर्फ अजय निवासी अभयपुरा (थाना अमांपुर), अनिल निवासी नगला बबूल, सहावर गेट (थाना कासगंज) तथा पवन निवासी अहरौली (थाना कासगंज) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 900 ग्राम अवैध अफीम, अर्टिगा कार (UP 87 AB 3874) और तीन मोबाइल फोन बरामद किए। बरामदगी के आधार पर थाना सोरों में मुकदमा संख्या 261/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18, 25 एवं 60 में मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अनिल और पवन के खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, पॉक्सो एक्ट, लूट, मारपीट, आबकारी अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि जितेंद्र उर्फ अजय का इस मामले में पहला आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है।
इस कार्रवाई को थाना सोरों के प्रभारी निरीक्षक लोकेश भाटी, एसओजी प्रभारी रितेश कुमार, सर्विलांस प्रभारी विपिन कुमार तथा उनकी संयुक्त पुलिस टीम ने अंजाम दिया।