
तेलाई में खड़ी 407 से टकराई स्कूटी 63 वर्षीय लक्ष्मण चाम्पिया की मौत
राजनगर : हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग पर तेलाई के पास मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे हुए सड़क हादसे में 63 वर्षीय लक्ष्मण चाम्पिया की मौत हो गई। मृतक पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत पड़ासा गांव के निवासी थे।
जानकारी के अनुसार लक्ष्मण चाम्पिया माएस्ट्रो स्कूटी (नंबर JH05AS1471) से जा रहे थे। इसी दौरान तेलाई के पास सड़क किनारे खड़ी एक 407 वाहन से उनकी स्कूटी पीछे से जोरदार टकरा गई। टक्कर के बाद वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से 108 एंबुलेंस के माध्यम से उन्हें तत्काल राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां का माहौल गमगीन हो गया। बताया जाता है कि मृतक अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं। पुत्री का विवाह हो चुका है।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
#Tags:
#RajnagarAccident #TelaiAccident #RoadAccident #JharkhandNews #SeraikelaKharsawan #ChaibasaRoad #ScootyAccident #JharkhandAccidentNews #BreakingNews #LocalNews #ChhotanagpurLive #AccidentNews