
बैठक से नदारद नलकूप एक्सईएन का एक दिन का वेतन रोका
डीएम ने जल निगम, सिंचाई और बाढ़ खंड की परियोजनाओं में तेजी के दिए निर्देश
#देवरिया। जल संसाधन से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा बैठक से अनुपस्थित रहने पर अधिशासी अभियंता, नलकूप सलेमपुर का एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया गया है। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि सरकारी बैठकों में अनुपस्थित रहना कतई स्वीकार नहीं किया जाएगा। अधिकारी विभागीय योजनाओं की पूरी प्रगति रिपोर्ट के साथ बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें।
डीएम ने सोमवार को कलेक्ट्रेट कार्यकक्ष में जल निगम (ग्रामीण व शहरी), बाढ़ खंड, सिंचाई और नलकूप विभाग की योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने और नियमित निगरानी के निर्देश दिए।
जल निगम की समीक्षा में उन्होंने पाइपलाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों के रिस्टोरेशन में तेजी लाने को कहा। स्पष्ट किया कि सड़क की मरम्मत में देरी से आमजन को परेशानी नहीं होनी चाहिए। पेयजल परियोजनाओं को भी समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।
बाढ़ खंड की समीक्षा में बताया गया कि जिले की सभी नदियां खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं। सरयू के जलस्तर में मामूली वृद्धि हुई है, लेकिन फिलहाल बाढ़ की स्थिति नहीं है। डीएम ने तटबंधों की सतर्क निगरानी रखने और बाढ़-कटान से बचाव की तैयारियां समय से पूरी रखने को कहा।
सिंचाई विभाग को नहरों में टेल तक पानी पहुंचाने और ब्लॉकवार स्थिति की रिपोर्ट तैयार रखने के निर्देश दिए गए। वहीं, नलकूप विभाग को सभी राजकीय नलकूपों को क्रियाशील रखने तथा खराब नलकूपों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने को कहा गया।
बैठक में अधिशासी अभियंता बाढ़, अधिशासी अभियंता सिंचाई, अधिशासी अभियंता नलकूप देवरिया, सहायक अभियंता लघु सिंचाई समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Barhaj, Deoria | Oct 5, 2026