
Ambala Media:"
नशे के विरुद्ध अभियान: गुप्त सूचनाएं देकर नशा मुक्त समाज के निर्माण में करें सहयोग
अम्बाला, 19 जून। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा प्रदेशभर में नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में चालक प्रशिक्षण संस्थान, अम्बाला में एक दिवसीय 113वां नशा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
यह कार्यक्रम हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री संजय कुमार (IPS) के दिशानिर्देशों तथा संयुक्त पुलिस आयुक्त सोनीपत एवं पुलिस उप-महानिरीक्षक श्री राजेंद्र कुमार मीणा (IPS) के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
उच्चाधिकारियों के आदेशानुसार ब्यूरो के जागरूकता एवं पुनर्वास प्रभारी उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने कार्यक्रम में भाग लेकर चालक प्रशिक्षुओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। चालक प्रशिक्षण संस्थान के प्रभारी संदीप कुमार की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में 61 चालक प्रशिक्षुओं तथा संस्थान के 6 कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।
डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने नशे के प्रकार, कारण, दुष्प्रभाव और निवारण के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि राष्ट्रीय अपराध अभिलेख ब्यूरो के आंकड़ों के अनुसार देश में होने वाले अधिकांश अपराधों के पीछे नशा एक प्रमुख कारण है। उन्होंने बताया कि मादक पदार्थों का सेवन व्यक्ति के आर्थिक, सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी जीवन पर गंभीर प्रभाव डालता है।
युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि “DRUG END ALL DREAMS”, अर्थात नशा व्यक्ति के सभी सपनों को समाप्त कर देता है। उन्होंने चालक प्रशिक्षुओं को विशेष रूप से चेतावनी देते हुए कहा कि वाहन चलाते समय नींद, क्रोध और नशा—इन तीनों से सदैव बचना चाहिए, क्योंकि सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में ये शामिल हैं।
डॉ. वर्मा ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं भी नशा बेचने या तस्करी की सूचना मिले तो इसकी जानकारी एनसीबी हेल्पलाइन 1933 अथवा हरियाणा एनसीबी हेल्पलाइन 90508-91508 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
उन्होंने बताया कि सरकार नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रवर्तन, जागरूकता और पुनर्वास के तीन स्तरों पर लगातार कार्य कर रही है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों को नशा मुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई गई।
अंबाला मीडिया | खबरें ही खबरें
WhatsApp Channel: whatsapp.com
Ambala, Ambala | Jun 19, 2026