
NH-9 पर हादसे में घायल युवक ने तोड़ा दम, पिकअप चालक पर केस दर्ज
सिरसा।
गांव सावंतखेड़ा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के चाचा की शिकायत पर पिकअप चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में गांव सावंतखेड़ा निवासी प्रेम कुमार ने बताया कि 6 जुलाई की रात उनका भतीजा संदीप कुमार बाइक पर घर लौट रहा था। इसी दौरान सावंतखेड़ा चौक से सिरसा की ओर पीछे से तेज रफ्तार सफेद महिंद्रा बोलेरो पिकअप ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि संदीप सड़क पर दूर जा गिरा, जबकि पिकअप सड़क किनारे नाले में जा गिरी।
हादसे में संदीप के सिर, छाती और पैर में गंभीर चोटें आईं। उसे पहले नागरिक अस्पताल डबवाली ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में एम्स बठिंडा रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पिकअप चालक देव सिंह निवासी घुग्गियाना, जिला फरीदकोट (पंजाब) के खिलाफ तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चलाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
Sirsa, Sirsa | Jul 7, 2026