
पालीगंज के बालिका विद्यालय में गूंजा हरियाली का संदेश, लगाए गए 400 पौधे, छात्राओं ने लिया पौधों की संरक्षण का संकल्प
✍️ अंकित राज | पटना
पालीगंज में पर्यावरण संरक्षण और क्षेत्र को हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘मिशन ग्रीन विलेज’ अभियान के तहत प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय, पालीगंज में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अभियान का नेतृत्व सुमित कुमार और अमित कुमार ने किया। इस दौरान विद्यालय की छात्राओं के बीच करीब 400 पौधे वितरित किए गए और परिसर सहित विभिन्न स्थानों पर उनका पौधरोपण कराया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। छात्राओं ने उत्साह के साथ पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। पौधरोपण के बाद छात्राओं ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि वे लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करेंगी तथा उन्हें पूरी तरह विकसित होने तक संरक्षित रखेंगी। छात्राओं ने कहा कि पर्यावरण को बचाने के लिए केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा भी जरूरी है।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका निर्मला ने छात्राओं को संबोधित करते हुए प्रकृति और पर्यावरण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। स्वच्छ हवा, संतुलित पर्यावरण और बेहतर भविष्य के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनका संरक्षण करना आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं से अपने आसपास के लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने की अपील की।
प्रधानाध्यापिका ने कहा कि प्रकृति के प्रति प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है और इसे पूरी ईमानदारी से निभाने की आवश्यकता है। उन्होंने छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
अभियान के दौरान शिक्षक जय गोपाल एवं समाजसेवी लवकुश दुबे भी मौजूद रहे। उन्होंने छात्राओं का उत्साह बढ़ाते हुए पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर स्थानीय प्रबुद्धजनों ने सुमित कुमार और अमित कुमार की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के अभियान से युवाओं और विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है।