
#राहुल गांधी ने गुरुवार को मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के बिरसा ब्लॉक स्थित जगला गांव का दौरा किया। यहां उन्होंने बीमारी और कुपोषण के चलते जान गंवाने वाले बैगा आदिवासी बच्चों के पीड़ित परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की। राहुल गांधी करीब एक घंटे तक गांव में रहे और स्थानीय आदिवासियों से संवाद किया। इससे पहले उन्होंने माटे प्राथमिक शासकीय स्कूल का भी निरीक्षण किया और बच्चों से मिड डे मील व पढ़ाई के बारे में जानकारी ली।
दौरे के बाद राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि बालाघाट में बीते 3 महीनों के भीतर कुपोषण और मलेरिया से 32 आदिवासी बच्चों की मौत हो चुकी है, लेकिन सरकार स्वास्थ्य संकट से निपटने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि कई पीड़ित परिवारों को अब तक पूरा मुआवजा तक नहीं मिला है। इलाके में मनरेगा का काम ठप है और वन अधिकार कानून के तहत आदिवासियों को जमीन के पट्टे नहीं दिए जा रहे हैं। राहुल गांधी ने ऐलान किया कि वह इस मुद्दे को लोकसभा में पूरी मजबूती से उठाएंगे।
राहुल गांधी ने कहा कि आदिवासियों को उनका पूरा हक मिलना चाहिए, चाहे वह स्वास्थ्य हो, शिक्षा हो या रोजगार। मध्य प्रदेश की आबादी में 21.1 फीसदी हिस्सेदारी आदिवासियों की है और विधानसभा की 84 सीटों पर इनका सीधा प्रभाव माना जाता है। कांग्रेस के इन आरोपों के बीच भाजपा ने राहुल गांधी के इस दौरे को राजनीतिक लाभ लेने की कवायद बताया है।
#breakingnewswala #RahulGandhi #बालाघाटNews #Balaghat #TribalRights #MadhyaPradeshNews #HealthCrisis #Congress #BNWTV