
मुरैना पुलिस के 5 अधिकारियों को तृतीय स्टार लगाकर किया गया पदोन्नत
मुरैना। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना (भा.पु.से.) ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में आयोजित गरिमामय समारोह में जिले के पाँच पुलिस अधिकारियों को तृतीय स्टार लगाकर निरीक्षक/रक्षित निरीक्षक पद पर पदोन्नत किया।
पदोन्नत होने वालों में उप निरीक्षक संजय बरेया (थाना प्रभारी स्टेशन रोड), पार्थ सिंह परिहार (थाना प्रभारी टेंटरा) तथा सूबेदार मलखान सिंह परमार, हरेन्द्र सिंह राजपूत और गजेन्द्र परिहार शामिल हैं। इसके अलावा कार्यवाहक निरीक्षक दीपेन्द्र यादव (थाना प्रभारी बामौर), वीरेश सिंह कुशवाह (थाना प्रभारी अम्बाह) और राजेन्द्र सिंह परिहार (थाना प्रभारी पहाड़गढ़) को नियमित निरीक्षक पदोन्नति पर भी बधाई दी गई।
समारोह में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पदोन्नति केवल सम्मान नहीं, बल्कि नेतृत्व, अनुशासन, जिम्मेदारी और उत्कृष्ट सेवा का दायित्व भी है। उन्होंने सभी अधिकारियों से ईमानदारी, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करते हुए कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा जनता का विश्वास बनाए रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर, रक्षित निरीक्षक रविकांत शुक्ला सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह का समापन पदोन्नत अधिकारियों को शुभकामनाएं देने के साथ हुआ।