
अर्पण संस्था ने लड़कियों को बांटे प्रमाणपत्र, सिलाई मशीनें और ब्यूटी किट
प्रशिक्षण पूरा करने वाली छात्राओं को स्वरोजगार के लिए किया प्रोत्साहित
नंगल 27 अगस्त 26- अर्पण संस्था द्वारा सोसवा पंजाब की मदद और बीबीएमबी नंगल के सहयोग से लड़कियों एवं महिलाओं के लिए चलाए जा रहे कटिंग-टेलरिंग तथा स्किन एवं हेयर केयर प्रशिक्षण केंद्र में छह माह का कोर्स पूरा करने वाली प्रशिक्षु छात्राओं को प्रमाणपत्र, सिलाई मशीनें और ब्यूटी किट वितरित की गईं। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रशिक्षु लड़कियों एवं महिलाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम में बीबीएमबी के उप मुख्य अभियंता भाखड़ा डैम एवं एसई हेडक्वार्टर इंजीनियर सुरेश मान मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। वहीं यंग डॉक्टर्स फॉर सोसाइटी के नेता डॉ. जे.एस. काहिल तथा इंजीनियर परमिंदर संधू विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस दौरान मैडम मधु, पूजा, महक, कंचन, शैली, शोभा सहित अन्य महिलाओं एवं प्रशिक्षु छात्राओं ने अपने विचार और प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त अनुभव साझा किए। अतिथियों ने प्रशिक्षण केंद्र की छात्राओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न सामान का निरीक्षण किया और उनके हुनर की सराहना की।
अर्पण संस्था के निदेशक कुलदीप चंद ने संस्था द्वारा किए जा रहे समाज कल्याण के कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि छह माह का प्रशिक्षण कोर्स पूरा करने के बाद छात्राओं को नई सिलाई मशीनें एवं ब्यूटी किट प्रदान की जाती हैं, ताकि वे अपना स्वरोजगार शुरू कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें। इंजीनियर परमिंदर संधू ने कहा कि लड़कियों और महिलाओं को हुनरमंद बनाने के लिए इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम बेहद जरूरी हैं। डॉ. जे.एस. काहिल ने अर्पण प्रशिक्षण केंद्र से अब तक प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी सैकड़ों लड़कियों द्वारा परिवार की आर्थिक आत्मनिर्भरता में दिए जा रहे योगदान पर खुशी व्यक्त की।
मुख्य अतिथि इंजीनियर सुरेश मान ने समाज में फैली अनपढ़ता, नशे तथा लड़कियों के साथ होने वाले भेदभाव जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ लड़कियों को आगे आकर कार्य करने का संदेश दिया। उन्होंने लड़कियों को आत्मनिर्भर बनने तथा अपने हुनर का उपयोग कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर अनु, दीक्षा, अंशिका, अमीषा, मुस्कान, अमृता रानी, ऋतिका, श्वेता, पूनम, सुमन, राजकुमारी, सिमरन, सोनाली, ज्योति, कृष्णा, तानिया, रतनजोत, राखी, रचना, संदीप, निशा, हीना, काजल, अजली, जोगिंदर, शाया, रीना, सीमा, नीतू, मुस्कान, प्रीति, संतोष, सुखविंदर सहित अन्य उपस्थित रहे।