
पत्नी को ससुराल से लाने निकला युवक, घर पहुंचने से पहले मौत; सड़क हादसे में तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत
बालेसर। जोधपुर जिले के बालेसर थाना क्षेत्र में आगोलाई-देवगढ़ मार्ग पर शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। खराब हुई जीप को सड़क किनारे धक्का लगा रहे युवकों को पीछे से आई तेज रफ्तार पिकअप ने कुचल दिया। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे ने जोधपुर के एमडीएम अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार गंगाना निवासी दयालुनाथ (28) अपनी पत्नी को तेना गांव स्थित ससुराल से विदा कराकर जीप से घर लौट रहा था। उसके साथ गांव के ही राजूनाथ (25) और प्रकाश (21) भी थे। भारतमाला पुल पार करने के बाद आगोलाई-देवगढ़ मार्ग पर बारिश के बीच उनकी जीप खराब हो गई। तीनों युवक वाहन को धक्का लगा रहे थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार पिकअप ने जीप को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक जीप और पिकअप के बीच बुरी तरह फंस गए।
घायलों को तत्काल बालेसर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने राजूनाथ और दयालुनाथ को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल प्रकाश को जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन उसने भी देर रात इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि दयालुनाथ अपनी पत्नी को ससुराल से विदा कराकर घर ला रहा था। खुशियों से शुरू हुआ सफर कुछ ही देर में मातम में बदल गया। हादसे के बाद पत्नी और बच्चों के सामने ही परिवार का सहारा हमेशा के लिए छिन गया।
इस हादसे से गंगाना गांव के तीन परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। तीनों मृतक अपने-अपने परिवार के कमाने वाले सदस्य थे। उनकी असमय मौत से परिवारों के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया। शनिवार को पूरे गांव में शोक का माहौल रहा।
ग्रामीणों और परिजनों ने आरोप लगाया कि पिकअप चालक आगोलाई गांव का निवासी है और हादसे के समय नशे की हालत में था। उन्होंने चालक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
बालेसर थानाधिकारी मूलसिंह भाटी ने बताया कि तीनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।