
अवैध बालू भंडारण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, माझियारी और नौढिया में बालू सीज
लालापुर। अवैध खनन और बालू के अवैध भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। लालापुर थाना क्षेत्र के माझियारी और नौढिया गांव में प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर अवैध रूप से भंडारित बालू को सीज कर दिया।
कार्रवाई के दौरान बरामद बालू को नियमानुसार सीज करते हुए उसकी देखरेख की जिम्मेदारी संबंधित ग्राम प्रधान को सौंप दी गई है। अब सीज की गई बालू की सुरक्षा और निगरानी ग्राम प्रधान की जिम्मेदारी होगी।
यह कार्रवाई खनन इंस्पेक्टर वैभव सोनी के नेतृत्व में की गई। वहीं थाना प्रभारी लालापुर अनुभव सिंह ने कहा कि क्षेत्र में अवैध खनन और अवैध बालू भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि बिना वैध कागजात के बालू का परिवहन करने वाले ट्रैक्टरों और अन्य वाहनों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
खनन विभाग और पुलिस प्रशासन ने लोगों को चेताया है कि अवैध तरीके से बालू का भंडारण या परिवहन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ खनन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जुर्माना वसूला जाएगा।
मनोज कुमार बिंद पत्रकार
यूनाइटेड भारत बारा, प्रयागराज
Bara, Allahabad | Jul 11, 2026