
नोएडा में साइबर ठगी करने वाले एक बड़े फर्जी कॉल सेंटर का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना फेस-1 पुलिस ने कम ब्याज पर लोन दिलाने का झांसा देकर लोगों से प्रोसेसिंग फीस के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, यह फर्जी कॉल सेंटर सेक्टर-2 स्थित डी-80 की पहली मंजिल से संचालित किया जा रहा था। आरोपी कम ब्याज पर लोन दिलाने का लालच देकर लोगों से आधार कार्ड, पैन कार्ड, ओटीपी और बैंक डिटेल हासिल करते थे। इसके बाद प्रोसेसिंग फीस के नाम पर पैसे लेकर न तो लोन दिलाते थे और न ही रकम वापस करते थे।
थाना फेस-1 पुलिस ने "ऑपरेशन साइबर वज्र" के तहत कार्रवाई करते हुए इस गिरोह का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके से 5 मोबाइल फोन, 3 लैपटॉप, 6 चेकबुक, 1 पासबुक, 160 कॉलिंग डेटा शीट, 11 स्क्रिप्ट बुक, 1 बिलिंग बुक और 1 इंटरनेट राउटर बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, इस गिरोह के खिलाफ एनसीआरपी पोर्टल पर देश के विभिन्न राज्यों से 10 से अधिक शिकायतें दर्ज हैं और शुरुआती जांच में करोड़ों रुपये की साइबर ठगी की आशंका सामने आई है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।