
शिमला में महिला से मारपीट का वीडियो वायरल, पुलिस ने लिया संज्ञान
पति-पत्नी निकले वीडियो में नजर आ रहे महिला और पुरुष, मोहाली निवासी अनमोल खोसला के खिलाफ कानूनी कार्रवाई
शिमला, 24 सितंबर। सोशल मीडिया पर 23 सितंबर 2026 को प्रसारित हुए एक वीडियो, जिसमें एक व्यक्ति द्वारा महिला के साथ मारपीट करते हुए दिखाई दिया जा रहा था, का शिमला पुलिस ने संज्ञान लेते हुए वीडियो की तस्दीक की। वीडियो की पुष्टि और प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस थाना सदर शिमला में अभियोग संख्या 126/26 दर्ज किया गया है। मामले में धारा 74, 79 और 115(2) के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रहे महिला और पुरुष की पहचान एवं तलाश की। दोनों को पुलिस थाना सदर शिमला में पूछताछ के लिए तलब किया गया। पूछताछ के दौरान दोनों ने स्वयं को पति-पत्नी बताया। उन्होंने पुलिस को जानकारी दी कि उनका विवाह मई माह में हुआ था और वे पहली बार शिमला घूमने के लिए आए थे।
पुलिस द्वारा महिला से घटना के संबंध में अलग से पूछताछ की गई तथा उसके बयान दर्ज किए गए। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर प्रसारित वायरल वीडियो को सुरक्षित करते हुए मामले से जुड़े आवश्यक इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का संकलन किया जा रहा है। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल की भी तस्दीक की जा रही है, ताकि मामले से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की विस्तृत जांच की जा सके।
पुलिस के अनुसार अब तक उपलब्ध तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर अनमोल खोसला, निवासी मोहाली, पंजाब, को मुकदमे में BNSS की धाराओं के तहत पाबंद किया गया है। उसके खिलाफ उक्त अभियोग में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। मामले में जांच जारी है तथा जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।