
*थाना भूना पुलिस की कार्रवाई, मारपीट मामले में दो आरोपी काबू*
*– गांव लहरियां में दो युवकों पर डंडों व रॉड से हमला करने का आरोप*
भूना, 16 सितंबर। थाना भूना पुलिस ने गांव लहरियां में दो युवकों के साथ मारपीट करने के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को काबू किया है। आरोपियों की पहचान राकेश पुत्र शमशेर निवासी गांव लहरियां तथा रविन्द्र कुमार पुत्र कृष्ण निवासी गांव लहरियां के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।
थाना भूना प्रभारी उपनिरीक्षक कंवर सिंह ने बताया कि गांव लहरियां निवासी सोनू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 3 जुलाई 2026 की रात वह गांव में अपने चचेरे भाई सुमित के साथ मौजूद था। इसी दौरान कार में सवार कुछ युवक वहां पहुंचे और कथित रूप से डंडों व रॉड से दोनों पर हमला कर दिया। हमले में सोनू और सुमित को चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस ने शिकायत, मेडिकल रिपोर्ट तथा घटनास्थल से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की। प्रारंभिक जांच एवं तस्दीक के बाद इस संबंध में थाना भूना में अभियोग संख्या 173 दिनांक 28.07.2026, धारा 190(2), 190, 115(2), 351(3) BNS तथा धारा 3(1)(s) SC/ST Act के तहत मामला दर्ज किया गया।
प्रभारी उपनिरीक्षक कंवर सिंह ने बताया कि मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए राकेश व रविन्द्र कुमार को काबू किया गया है। मामले में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है और भूमिका सामने आने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।