
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस पीजी कॉलेज छिंदवाड़ा में उमंग उच्च शिक्षा हेल्थ एंड वैलनेस प्रोग्राम आयोजित
विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य एवं नशा मुक्ति की दी गई जानकारी
============================================================
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय छिंदवाड़ा में मंगलवार को उमंग उच्च शिक्षा हेल्थ एंड वैलनेस प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य, नशा मुक्ति तथा परामर्श सेवाओं के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में आरबीएसके के डॉ. अक्षय बोरकर एवं डॉ. मेघा वास्ती, एनटीपीसी नोडल एवं डेंटल सर्जन डॉ. पंचराज कुमार वर्मा, मेडिकल कॉलेज की मनोचिकित्सक डॉ. पूजा धुर्वे, उमंग परामर्शदाता श्रीमती ज्योति सिरोहिया तथा मानसिक विभाग की नर्सिंग ऑफिसर सुश्री रुपाली यादव उपस्थित थीं।
महाविद्यालय की ओर से प्रभारी प्राचार्य डॉ.नंदा हल्दे, डॉ.उर्मिला खर्फुसे, डॉ.टीकमणी पटवारी, डॉ. नितेंद्र गौतम, डॉ. सीमा सूर्यवंशी, डॉ. रचना लारिया सहित समस्त महाविद्यालय स्टाफ कार्यक्रम में शामिल हुआ। कार्यक्रम के दौरान उमंग स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सेवाओं की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को चिंता एवं तनाव के लक्षणों की पहचान और उनके निदान, युवाओं में बढ़ते मादक पदार्थों के दुरुपयोग, तंबाकू व्यसन मुक्ति केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं तथा तंबाकू और सिगरेट छोड़ने के लिए उपलब्ध निकोटीन गम्स के बारे में जानकारी प्रदान की। साथ ही एनीमिया तथा निशक्त बच्चों के लिए स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सेवाओं की भी जानकारी दी गई।
उमंग परामर्शदाता श्रीमती ज्योति सिरोहिया ने बताया कि मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से भी जीवन की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए परामर्श प्राप्त किया जा सकता है। इस दौरान विद्यार्थियों के मोबाइल में जस्ट आस्क चैट बोर्ड एवं मनहित एप इंस्टॉल कराकर उनके उपयोग एवं लाभों की जानकारी भी दी गई।