
गॉडविन पब्लिक स्कूल घल्लू में ‘खेड़ां वतन पंजाब दियां-2026’ के तहत शतरंज मुकाबले शुरू
लड़कियों के अंडर-14, अंडर-17 व अंडर-21 वर्ग के करवाए मुकाबले
खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मिल रहा मंच : लखविंद्र कौर बराड़
फाजिल्का,01 अक्तूबर(सोनू वर्मा): पंजाब सरकार एवं खेल विभाग की ओर से करवाए जा रहे ‘खेड़ां वतन पंजाब दियां-2026’ के तहत गॉडविन पब्लिक स्कूल घल्लू में जिला स्तरीय शतरंज मुकाबले शुरू हो गए हैं। स्कूल को जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता की मेजबानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न आयु वर्गों के मुकाबले 28 सितंबर से शुरू हुए, जिनमें खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
इस बारे विद्यालय के डी.पी. मोहित ने बताया कि शतरंज प्रतियोगिता के तहत 28 सितंबर को लड़कों के अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-21 आयु वर्ग के मुकाबले करवाए गए। इसके बाद 30 सितंबर को लड़कों के 21-30 वर्ष और 31-40 वर्ष आयु वर्ग के साथ पुरुषों के 41-50, 51-60, 61-70 तथा 70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के मुकाबले आयोजित किए गए। 1 अक्टूबर को लड़कियों के अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-21 आयु वर्ग के मुकाबले करवाए गये। उन्होंने बताया कि मुकाबलों में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ी अपनी शतरंज प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है तथा खिलाड़ी पूरे अनुशासन और खेल भावना के साथ मुकाबलों में हिस्सा ले रहे हैं।
इस मौके पर स्कूल की मैनेजिंग कमेटी सदस्य मैडम लखविंद्र कौर बराड़ ने कहा कि ‘खेड़ां वतन पंजाब दियां’ जैसे आयोजन बच्चों और युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शतरंज जैसे खेल बच्चों में एकाग्रता, धैर्य, निर्णय लेने की क्षमता और रणनीतिक सोच को मजबूत करते हैं। उन्होंने जिला स्तरीय मुकाबलों की मेजबानी का अवसर मिलने पर पंजाब सरकार, पंजाब खेल विभाग, डिप्टी कमिश्नर फाजिल्का तथा जिला खेल अधिकारी का विशेष रूप से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि गॉडविन पब्लिक स्कूल घल्लू में मुकाबलों के आयोजन को लेकर स्कूल प्रबंधन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि खिलाड़ियों और अधिकारियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस मौके पर मैनेजिंग कमेटी मैंबर एडवोकेट मनिंद्र सिंह सरां ने कहा कि स्कूल के लिए यह गर्व की बात है कि उसे जिला स्तरीय प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ मुकाबलों में हिस्सा लेने और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। स्कूल के प्रिंसिपल अभिलेख शर्मा ने कहा कि स्कूल में जिला स्तरीय शतरंज मुकाबलों को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां की गई हैं। खिलाड़ियों के लिए उचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं और प्रतियोगिता को सुचारू रूप से करवाने के लिए स्कूल की पूरी टीम जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।