
बारा विधानसभा के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, विधायक ने मुख्यमंत्री को सौंपा 506 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का प्रस्ताव
बारा, प्रयागराज। विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से विधायक डॉ. वाचस्पति ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर क्षेत्र की प्रमुख विकास परियोजनाओं को लेकर लोक निर्माण विभाग (PWD) की वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना प्रस्तुत की। विधायक ने मुख्यमंत्री से सड़क, पुल और पुलियों से जुड़ी महत्वपूर्ण योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया।
प्रस्तावित कार्ययोजना में बारा विधानसभा क्षेत्र के लिए लगभग 506.19 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य शामिल किए गए हैं। इसमें सबसे बड़ी परियोजना प्रतापपुर में यमुना नदी पर वर्तमान पीपा पुल के स्थान पर लगभग 350 करोड़ रुपये की लागत से स्थायी मेजर ब्रिज (सेतु) निर्माण की है।
स्थायी पुल के निर्माण से बारा क्षेत्र के हजारों लोगों को वर्षभर सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी। इससे क्षेत्र में व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
विधायक के मीडिया प्रभारी नीरज केसरवानी ने बताया कि मुख्यमंत्री को सौंपे गए प्रस्ताव में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में 100 से अधिक संपर्क मार्गों के निर्माण एवं चौड़ीकरण, ग्रामीण सड़कों के नवनिर्माण, लघु एवं प्रमुख पुल-पुलियों के निर्माण, एमडीआर-ओडीआर मार्गों के विकास तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों को भी शामिल किया गया है।
इन योजनाओं से शंकरगढ़, जसरा और कौंधियारा विकास खंडों के कई गांवों को सीधा लाभ मिलने की संभावना है। विधायक डॉ. वाचस्पति ने मुख्यमंत्री के समक्ष कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन आसान होगा, किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी और आम लोगों की शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच बेहतर होगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई और प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति दिलाने का आश्वासन दिया। अब क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से बारा विधानसभा में विकास का नया अध्याय शुरू होगा।
रिपोर्ट: मनोज कुमार बिंद, पत्रकार
यूनाइटेड भारत बारा