
लखनऊ में डेढ़ माह का मासूम पार्क में छूटा, मां संदिग्ध परिस्थितियों में लापता
लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार थाना क्षेत्र स्थित जनेश्वर मिश्र पार्क के गेट नंबर-2 पर शनिवार को एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया। एक महिला अपने करीब डेढ़ माह के बेटे को उसकी आया के पास यह कहकर छोड़ गई कि वह पार्किंग से गाड़ी लेकर आ रही है। इसके बाद महिला वापस नहीं लौटी। करीब डेढ़ से दो घंटे इंतजार के बाद आया बच्चे को लेकर पुलिस सहायता केंद्र पहुंची।
पुलिस के मुताबिक, आया ने बच्चे की पहचान वंश के रूप में बताई है। उसने महिला का नाम निम्मी और पिता का नाम अनीस बताया। बताया गया है कि बच्चे के पिता बिजली विभाग के किसी कार्यालय में कार्यरत हैं और परिवार लखनऊ का रहने वाला है। हालांकि आया के पास परिवार का मोबाइल नंबर या कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं था, जिससे परिजनों तक पहुंचने में पुलिस को परेशानी हो रही है।
फिलहाल मासूम को जनेश्वर मिश्र पार्क के गेट नंबर-2 स्थित पिंक पुलिस बूथ पर सुरक्षित रखा गया है। पुलिस ने बच्चे के माता-पिता और परिजनों की तलाश शुरू कर दी है। चौकी प्रभारी सत्येंद्र कुमार सिंह ने लोगों से अपील की है कि परिवार के संबंध में कोई जानकारी मिलने पर गोमतीनगर विस्तार पुलिस या पिंक बूथ से संपर्क करें।
#Lucknow #LucknowNews #JaneshwarMishraPark #Gomtinagar #UPNews #BreakingNews