
डीआरएम ने लाखेरी में देखा पॉइंट,यहां दुर्घटनाग्रस्त होने से बची थी दयोदय,8 दिन बाद भी नहीं आई जांच रिपोर्ट! डीआरएम ने लिया घटनास्थल का जायजा"
कोटा। डीआरएम अनिल कालरा ने रविवार को लाखेरी, रणथंभौर, मखोली तथा मलारना स्टेशनों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कालरा ने विशेष रूप से स्टेशन मास्टरों से वर्किंग को लेकर सवाल जवाब किए। कालरा ने मास्टरों से ट्रेनों का संचालन, पॉइंट और सिग्नल की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। इसके बाद कालरा ने स्टेशन मास्टरों को नए नियमों से अपडेट रहने और संरक्षा के प्रति सतर्क रहने के विशेष निर्देश दिए। निरीक्षण केबाद कालरा मलारना से ही वापस कोटा लौट आए। उल्लेखनीय की पहले कालरा का भरतपुर तक जाने का कार्यक्रम सामने आया था।
लाखेरी में कालरा ने उस पॉइंट का विशेष रूपसे निरीक्षण किया जहां पर पिछले रविवार को अजमेर-जबलपुर दयोदय एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल बाल बची थी। इसके लिए कालरा ने स्टेशन मास्टरों के समक्ष अपनी नाराजगी भी जताई।
साथ ही भविष्य में ऐसी घटना दुबारा नहीं होने देने के लिए भी चेताया।गौरतलब है कि गत रविवार को लाखेरी में पॉइंट सेट किए बिना ही स्टेशन मास्टर ने दयोदय ट्रेन को रवाना कर दिया था।
वह तो गनिमत रही कि मौके पर मौजूद जमादार को पॉइंट खुला नजर आ गया था और उसने लोको पायलट को हाथ का इशारा कर दयोदय ट्रेन को मौके पर रुकवा लिया था। अगर कुछ सेकंड और खुले पॉइंट का पता नहीं चलता तो दयोदय दुर्घटनाग्रस्त हो सकती थी। इस घटना के बाद रेलवे ने स्टेशन मास्टर सहित 3 पॉइंट्समैनों को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया था तथा जांच के आदेश दिए थे। इन चारों को अभी तक भी ड्यूटी पर नहीं लिया है।
मामले की जांच रिपोर्ट 8 दिन बाद भी सामने नहीं आई है। जांच वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी गई थी।