
छत्तीसगढ़ के दुर्ग स्थित हेमचंद यादव विश्वविद्यालय से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां यूनिवर्सिटी के कुलसचिव भूपेंद्र कुमार कुलदीप को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कुलसचिव पर आरोप है कि उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए एक दैनिक वेतनभोगी महिला कर्मचारी पर दबाव बनाया और करीब 17 महीनों तक उसके वेतन का बड़ा हिस्सा ऑनलाइन माध्यम से अपने बेटे के खाते में ट्रांसफर करवाया। महिला कर्मचारी के कुल ₹1,49,384 के गबन की पुष्टि होने के बाद मोहन नगर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(4) के तहत यह कार्रवाई की है।
पीड़ित महिला कर्मचारी (जो कुलसचिव के घर खाना बनाने का काम भी करती थी) को शासन से मिलने वाले ₹11,515 के वेतन में से महज ₹2,200 ही दिए जाते थे और बाकी रकम जबरन ऐंठ ली जाती थी। कुलपति से शिकायत और यूनिवर्सिटी की जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कुलसचिव को गिरफ्तार किया, जिन्हें बाद में थाने से ही मुचलके पर जमानत मिल गई। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उच्च शिक्षा संचालनालय ने भी आरोपी कुलसचिव को कारण बताओ नोटिस जारी कर 7 दिनों के भीतर जवाब तलब किया है।
#DurgNews #ChhattisgarhNews #HemchandYadavUniversity #CorruptionNews #DurgPolice #BNS #Chhattisgarh #LatestNews #FatafatNews