
*रीवा के निजी अस्पताल में लिफ्ट हादसा 50 वर्षीय मरीज की मौत, 5 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, 16 लाख के मुआवजे पर टूटी बात*
*समान थाना क्षेत्र की घटना, कंधे के दर्द का इलाज कराने पहुंचे थे सुरेश सेन, रातभर परिजनों का धरना, दोपहर में प्रशासन की मौजूदगी में हुआ समझौता*
रीवा। रीवा शहर के समान थाना क्षेत्र स्थित एक नामी निजी अस्पताल में शनिवार रात बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया। कंधे में दर्द की शिकायत लेकर इलाज कराने पहुंचे 50 वर्षीय सुरेश सेन की अस्पताल की लिफ्ट अचानक नीचे गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लिफ्ट में तकनीकी खराबी थी, जिसका खामियाजा मरीज को अपनी जान देकर चुकाना पड़ा।
*परिजनों का फूटा गुस्सा, रातभर अस्पताल में धरना*
हादसे की खबर लगते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए और प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। आक्रोश इतना था कि परिजनों ने शव को ले जाने से इनकार कर दिया और रातभर अस्पताल परिसर में ही धरने पर बैठ गए। पुलिस जब पोस्टमार्टम के लिए शव ले जाने पहुंची तो परिजनों ने साफ इनकार कर दिया और कहा कि जब तक इंसाफ नहीं मिलेगा, शव नहीं उठने देंगे।
*प्रशासन ने संभाला मोर्चा, 12 बजे तक चली बातचीत*
मामले की गंभीरता को देखते हुए रविवार दोपहर करीब 12 बजे स्थानीय प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, समान थाना पुलिस और अस्पताल प्रबंधन की टीम परिजनों से बातचीत करने पहुंची। करीब दो घंटे तक चली बातचीत में परिजनों ने अपनी पीड़ा बताई।
*पांच बच्चों के भविष्य का सवाल, 16 लाख पर बनी सहमति*
परिजनों ने बताया कि मृतक सुरेश सेन अपने पीछे पांच छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार में कमाने वाले इकलौते वही थे, उनके जाने के बाद पूरा परिवार असहाय हो गया है। बच्चों के भविष्य और परिवार की दयनीय आर्थिक स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने मध्यस्थता की। अंत में अस्पताल प्रबंधन ने अपनी लापरवाही को मानते हुए पीड़ित परिवार को 16 लाख रुपये की आर्थिक क्षतिपूर्ति देने पर सहमति जताई। लिखित समझौता होने के बाद परिजनों का गुस्सा शांत हुआ।
*पोस्टमार्टम के बाद सौंपा शव*
समझौता होने के बाद परिजनों ने धरना समाप्त किया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और लिफ्ट के मेंटेनेंस रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।
Mauganj, Rewa | Aug 31, 2026