
कृष्णगढ़ को तहसील का दर्जा, PHC के उन्नयन और कुठाड़–शिमला बस सेवा बहाल करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री से मिला प्रतिनिधिमंडल
सोलन। जिला सोलन के कृष्णगढ़ क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री से मुलाकात कर क्षेत्र से जुड़ी लंबे समय से लंबित मांगों को प्रमुखता से उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए कृष्णगढ़ सब तहसील को पूर्ण तहसील का दर्जा देने, करीब 40 वर्षों से बंद पड़ी कुठाड़–शिमला बस सेवा को दोबारा शुरू करने, तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) कृष्णगढ़ का दर्जा बढ़ाने और वहां स्थायी डॉक्टर की नियुक्ति सुनिश्चित करने की मांग रखी।
प्रतिनिधिमंडल में जिला सोलन कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष प्रेम चंद ठाकुर, अरुण सेन, मडेसर के उपप्रधान संजीव छतरी, महेंद्र कंवर, रुद्र कंवर, दाड़वा पंचायत के पूर्व उपप्रधान हीरा लाल, कृष्णगढ़ पंचायत के प्रधान पुष्पेंद्र, जाड़ला पंचायत की प्रधान मधु चंदेल, बीडीसी सदस्य रवि कुमार, डॉ. मदन शर्मा, संजीव, प्राण नाथ, अमरनाथ, मनसा राम, शंकर, जय किशन, पुष्पेंद्र, नरेंद्र, प्रीतम, पदम देव, रोहित तथा श्याम लाल सहित क्षेत्र के अनेक प्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि इन मांगों के पूरा होने से कृष्णगढ़ और आसपास के हजारों लोगों को प्रशासनिक, स्वास्थ्य और परिवहन सुविधाओं का सीधा लाभ मिलेगा। विशेष रूप से कुठाड़–शिमला बस सेवा दोबारा शुरू होने से विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों और आम लोगों की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा।
मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने के साथ-साथ सभी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री के सकारात्मक रुख से प्रतिनिधिमंडल ने संतोष व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा।