
आंगनवाड़ी केंद्रों पर आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन
अनोखा तीर, हरदा। सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को जिले के परियोजना हरदा अंतर्गत हरदा शहरी, हरदा ग्रामीण-1 व 2 में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। परियोजना हरदा शहरी के आंगनबाड़ी केंद्र वृंदावन नगर में कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन के साथ किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित बच्चों का उपस्थित अतिथियों ने स्वागत किया। इस दौरान अतिथियों ने छोटी-छोटी कन्याओं का कन्या पूजन किया। कार्यक्रम में जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य राजेश वर्मा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का वाचन किया। संदेश वाचन के बाद आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और आशा कार्यकर्ता व मातृ सहयोगिनी समिति की अध्यक्ष को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर छोटे-छोटे बच्चों को गतिविधियां कराई गई। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र पर आम और जामुन का पौधरोपण किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी 6 वर्ष के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा बच्चों को फल एवं मिठाइयों का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य राजेश वर्मा, राजू कमेडिया, योग माया शर्मा, प्रीति गहलोत, महिमा बिश्नोई, राजेश गोदारा, राजेश चौरसिया एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी विवेक शर्मा, परियोजना अधिकारी अनुराग दुबे सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी कर्मचारी व हितग्राही उपस्थित थे। इसी प्रकार परियोजना ग्रामीण-1 के आंगनवाड़ी केंद्र कमताड़ा-1 में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष दर्शन सिंह गेहलोत सहित ग्राम पंचायत सरपंच लक्ष्मीबाई इवने सहित अन्य अतिथि की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
Harda, Harda | Sep 30, 2026