
गोरौल हत्याकांड का 12 घंटे में खुलासा, देसी कट्टा के साथ मुख्य आरोपी गिरफ्तार
हाजीपुर/वैशाली: गोरौल थाना क्षेत्र में मजदूर अमित कुमार की गोली मारकर हत्या के मामले का वैशाली पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त देसी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस के साथ मुख्य आरोपी आशुतोष कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
वैशाली एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया 8 जुलाई की रात कटरमाला पंचायत के बसीपुर रोड स्थित मधुपालन केंद्र के समीप अमित कुमार का शव बरामद हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा के निर्देश पर महुआ एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने मखदूमपुर से आरोपी आशुतोष कुमार को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल एक देसी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक अमित कुमार पिछले पांच वर्षों से उसकी ठेकेदारी में चेन्नई में काम करता था। आरोपी को अपनी पत्नी और अमित के बीच अवैध संबंध होने तथा मोबाइल में आपत्तिजनक तस्वीरें होने का शक था। इसी कारण उसने अमित को सुनसान जगह पर बुलाकर गोली मार दी। पुलिस ने इस मामले में गोरौल थाना कांड संख्या 421/26 दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
#टैग #Vaishali #Hajipur #Goraul #MurderCase #CrimeNews #BiharPolice #SPVaishali #BreakingNews #YoungIndiaNews #BiharNews