
दशहरा पर्व को लेकर बैरगाछी थाना में शांति समिति की बैठक, शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर बनी रणनीति
अररिया। आगामी दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर बैरगाछी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सदर SDPO सुशील कुमार ने की।
बैठक में पुलिस प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पूजा समिति के सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग शामिल हुए। इस दौरान दशहरा पर्व को लेकर कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था एवं प्रतिमा विसर्जन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
सदर SDPO सुशील कुमार ने कहा कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है। पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की विशेष निगरानी रखी जाएगी। साथ ही असामाजिक तत्वों और अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखने की बात कही गई।
बैठक में मौजूद पूजा समिति के सदस्यों से भी प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और किसी भी तरह की समस्या होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।
वहीं, अधिकारियों ने लोगों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ दशहरा पर्व मनाने की अपील की। साथ ही सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की भ्रामक या अफवाह वाली खबर को बिना सत्यापन के शेयर नहीं करने की बात कही गई।
#Dharadharnews #Ararianews #Biharnews