
दिनांक 26 जुलाई रविवार को जिला यमुनानगर में आयोजित होने वाली "नशे से जंग - यमुनानगर के संग" मैराथन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील, जिला पुलिस चला रही जागरूकता अभियान
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के निर्देशानुसार आगामी 26 जुलाई रविवार को जिला यमुनानगर में आयोजित होने वाली "नशे से जंग - यमुनानगर के संग" मैराथन को सफल बनाने के लिए जिला पुलिस द्वारा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को मैराथन से जोड़ते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।
पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने जिला पुलिस के सभी थाना प्रबंधकों, चौकी इंचार्जों तथा पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में आमजन को मैराथन के प्रति जागरूक करें तथा युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों एवं अन्य नागरिकों को अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जोड़ने के लिए प्रेरित करें।
इन्हीं निर्देशों के तहत जिला पुलिस की टीमें विभिन्न थाना क्षेत्रों, बाजारों, शिक्षण संस्थानों, सार्वजनिक स्थानों तथा गांवों में जाकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक कर रही हैं। पुलिस अधिकारी नागरिकों को बता रहे हैं कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार, समाज और भविष्य को भी नुकसान पहुंचाता है। ऐसे में नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे स्वयं इस मैराथन में भाग लें तथा अपने परिवार के सदस्यों, मित्रों और परिचितों को भी इसमें शामिल होने के लिए प्रेरित करें। विशेष रूप से युवाओं से आह्वान किया जा रहा है कि वे नशे से दूर रहकर खेल, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों को अपनाएं तथा समाज में नशा विरोधी संदेश के वाहक बनें।
पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने कहा कि "नशे से जंग - यमुनानगर के संग" मैराथन केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि जनभागीदारी के माध्यम से नशे के खिलाफ सामाजिक चेतना का अभियान है। जब समाज का प्रत्येक वर्ग इस मुहिम से जुड़ेगा, तभी नशे के खिलाफ प्रभावी लड़ाई लड़ी जा सकेगी। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस लगातार नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है, वहीं दूसरी ओर जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।
जिला पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे 26 जुलाई को आयोजित होने वाली इस मैराथन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर नशा मुक्त यमुनानगर और स्वस्थ समाज के निर्माण का संकल्प लें तथा इस जनजागरूकता अभियान को सफल बनाने में अपना सक्रिय योगदान दें।