
रामपुर में स्वच्छता की अलख जगाएंगे विद्यार्थी
- कॉलेज में 15 दिवसीय स्वच्छता पखवाड़े का शुभारंभ
Bushahr Today TV
रामपुर बुशहर। जी. बी. पंत मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय, रामपुर बुशहर में एनएसएस इकाई द्वारा 17 सितम्बर से 2 अक्तूबर 2026 तक 15-दिवसीय स्वच्छता पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समुदाय में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर वातावरण के निर्माण में सामूहिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना है।
स्वच्छता पखवाड़े के शुभारंभ अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आशीष चौहान एवं प्रो. रंजू नेगी की उपस्थिति में आगामी स्वच्छता गतिविधियों की रूपरेखा तैयार की गई। अभियान के अंतर्गत एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा महाविद्यालय परिसर में नियमित स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही महाविद्यालय के एनएसएस इकाई द्वारा गोद लिए गए राचौली गांव में भी स्वच्छता एवं जागरूकता संबंधी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
अभियान के दौरान स्वयंसेवकों द्वारा स्वच्छता अभियान, स्वच्छता जागरूकता, कचरा प्रबंधन, स्वच्छ परिसर एवं सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने के प्रति लोगों को जागरूक करने जैसी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की जाएगी।
इस अवसर पर NSS स्वयंसेवकों ने स्वच्छता बनाए रखने तथा अपने आसपास के लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। स्वयंसेवकों ने स्वच्छता पखवाड़े के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय रूप से योगदान देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
Ani, Kullu | Sep 17, 2026