
भारी वर्षा के बीच उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल की लोगों से अपील: अनावश्यक यात्रा से बचें, हेल्पलाइन 1077 और 98166 98166 पर लें सड़क की जानकारी
चम्बा, 28 जुलाई।
जिला चम्बा में लगातार हो रही भारी वर्षा और भूस्खलन की घटनाओं को देखते हुए उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने जिलेवासियों और बाहरी यात्रियों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचना ही सबसे सुरक्षित विकल्प है। यदि यात्रा करना अत्यंत आवश्यक हो, तो पहले प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 1077 और 98166 98166 पर संपर्क कर सड़कों की ताज़ा स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।
उपायुक्त ने कहा कि यात्रा के दौरान यदि तेज बारिश शुरू हो जाए तो वाहन को किसी सुरक्षित स्थान पर रोककर मौसम सामान्य होने का इंतजार करें। जल्दबाज़ी या जोखिम उठाने से गंभीर हादसे हो सकते हैं, इसलिए लोगों को पूरी सावधानी बरतनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि बीती रात हुई मूसलाधार बारिश से जिला चम्बा में व्यापक नुकसान दर्ज किया गया है। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार लगभग 122 सड़कें बंद, 150 से अधिक विद्युत वितरण ट्रांसफॉर्मर प्रभावित तथा 65 पेयजल योजनाएं बाधित हुई हैं। हालांकि राष्ट्रीय राजमार्ग-154A पर विभिन्न स्थानों पर हुए भूस्खलन के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मार्ग को यातायात के लिए बहाल कर दिया है। वहीं लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग और हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड की टीमें अन्य प्रभावित क्षेत्रों में युद्धस्तर पर बहाली कार्य में जुटी हुई हैं।
उपायुक्त ने बताया कि सुल्तानपुर क्षेत्र में नाले का पानी रिहायशी इलाके में घुसने से दो मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि कई अन्य घरों में पानी और मलबा भर गया। प्रशासन, एसडीएम और नगर परिषद की टीमों ने मौके का निरीक्षण कर प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बार-बार बनने वाली बाढ़ जैसी स्थिति से स्थायी समाधान के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
मुकेश रेपस्वाल ने कहा कि इस वर्ष का मानसून जिला चम्बा के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण और दुर्भाग्यपूर्ण साबित हुआ है। अब तक विभिन्न सड़क दुर्घटनाओं में करीब 45 लोगों की जान जा चुकी है। उन्होंने सोमवार देर रात बनीखेत के लाहड़ क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे का उल्लेख करते हुए कहा कि खराब मौसम के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि रात के समय यात्रा करने से बचें, आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थान पर रात्रि विश्राम करें तथा नदी-नालों के किनारे निर्माण या अनावश्यक आवाजाही से परहेज करें। उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन हर स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है, लेकिन जनसहयोग और सतर्कता ही जान-माल की सुरक्षा का सबसे प्रभावी माध्यम है।
#Chamba #HimachalPradesh #HeavyRain #MonsoonAlert #WeatherUpdate #RoadSafety #Landslide #DisasterManagement #PublicSafety #TravelAdvisory #HimachalWeather #StaySafe #EmergencyAlert #RainAlert #IndiaNews
हिम संदेश DC Chamba Chamba ki aawaj Tv Chamba Hulchul Media Network
Saach, Chamba | Jul 28, 2026