
#विश्व_जनसंख्या_दिवस_पर_छात्र_छात्राओं_को_पुरस्कार_स्वरूप_वितरित_किए पौधे
बिसाऊ। निकटवर्ती गांव गांगियासर स्थित श्री जे.जे. राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर शनिवार को वाद-विवाद प्रतियोगिता एवं पर्यावरण संरक्षण विषयक सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में कक्षा 11 एवं 12 के छात्र-छात्राओं ने जनसंख्या विषय पर आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं शनिवारीय बाल सभा के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण थीम पर सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई, जिसमें कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता छात्र-छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पुरस्कार स्वरूप एक-एक पौधा भेंट किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य नवीन गढ़वाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बढ़ती जनसंख्या और पर्यावरण संरक्षण आज के समय की सबसे बड़ी चुनौतियों में शामिल हैं। विद्यालयों में इस प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि इससे विद्यार्थियों की वैचारिक क्षमता का विकास होता है तथा उनमें राष्ट्रीय परिवेश एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।
कार्यक्रम का संचालन मो. राशिद एवं नीरज शर्मा ने किया। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ उपस्थित रहा।
#shekhawatiexpress #bissau #jhunjhunu #RajasthanNews #IndiaNews #malsisar #sikar #