
थाना बहीन पुलिस ने समर्सिबल की केबल चोरी करने वाले आरोपी को किया गिरफ्तार, चोरीशुदा कॉपर वायर बरामद।
Aonenews अरविन्द बक्शी
पुलिस अधीक्षक पलवल नीतीश अग्रवाल के कुशल मार्गदर्शन में थाना बहीन पुलिस ने खेतों से समर्सिबल की केबल चोरी करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरीशुदा कॉपर वायर भी बरामद कर लिया है।
थाना बहीन प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार ने बताया कि
दिनांक 19.08.2026 को जीतराम निवासी गांव आली ब्राह्मण, ने एक लिखित शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह किसानी का काम करता है। दिनांक 18.08.2026 की रात को किसी अज्ञात चोर ने उसके खेत के अलावा पड़ोस के किसानों शिवदत्त, नानक और जीवन लाल के खेतों से समर्सिबल की 3 फेज कॉपर केबल चोरी कर ली थी। शिकायत में बताया गया कि चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी सोहेल द्वारा थोड़ी दूरी पर केबल को जलाया जा रहा था। आहट होने पर जब शिकायतकर्ता और अन्य लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को भागने का प्रयास करते देखा, तो उन्होंने सूझबूझ से आरोपी को पकड़ लिया। इसके तुरंत बाद डायल 112 पर कॉल करके पुलिस को मौके पर बुलाया गया तथा पकड़े गए आरोपी और जली हुई केबल को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
शिकायत के आधार पर थाना बहीन में भारतीय न्याय संहिता के तहत मुकदमा दर्ज कर नामजद आरोपी सोहेल खान निवासी गांव आली मेव, पलवल को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किया गया कॉपर वायर बरामद कर लिया है तथा मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई जारी है। आरोपी को माननीय अदालत के समक्ष पेश करने की नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।