
ग्वालियर में आरक्षक का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका,
ग्वालियर। शहर के शिवपुरी लिंक रोड स्थित नवीन लोहा मंडी क्षेत्र में 36 वर्षीय आरक्षक अंकित तोमर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। शव पुलिस वर्दी में मिला है और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे मामले में हत्या की आशंका भी जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, आरक्षक अंकित तोमर मूल रूप से अंबाह-पोरसा क्षेत्र के निवासी थे और वर्तमान में डीआरपी पुलिस लाइन में पदस्थ थे। बताया जा रहा है कि वह दो दिन पहले पोरसा जाने के लिए निकले थे, जिसके बाद से उनका मोबाइल फोन बंद था और उनसे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा था।
पुलिस को नवीन लोहा मंडी क्षेत्र में उनका शव बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं। वहीं बाएं पैर का टखना टूटा हुआ पाया गया तथा घटनास्थल पर भारी रक्तस्राव के संकेत भी मिले हैं। परिस्थितियां सामान्य दुर्घटना की बजाय किसी गंभीर घटना की ओर इशारा कर रही हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के आधार पर मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस हत्या, दुर्घटना और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। आरक्षक की संदिग्ध मौत से पुलिस विभाग में भी शोक और चिंता का माहौल है।