
नवपदस्थापित उपायुक्त और एसडीपीओ का वैश्य मोर्चा ने किया स्वागत, श्रावणी मेला 2026 को लेकर जताया भरोसा।
देवघर :–झारखंड प्रदेश वैश्य मोर्चा के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को देवघर के नवपदस्थापित उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) कुलदीप कुमार से शिष्टाचार मुलाकात कर उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस अवसर पर दोनों अधिकारियों को पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके सफल, यशस्वी व जनोन्मुखी कार्यकाल की शुभकामनाएं दी गईं।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व प्रमंडल प्रभारी प्रमोद चौधरी ने किया। उनके साथ जिला अध्यक्ष राजकुमार बरनवाल, आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव ध्रुव प्रसाद साह एवं जिला सचिव जितेंद्र कुमार चौधरी भी उपस्थित थे।
इस दौरान प्रमोद चौधरी ने कहा कि देवघर जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक जिले में दोनों अधिकारियों का अनुभव और नेतृत्व प्रशासनिक व्यवस्था को नई दिशा देगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके कार्यकाल में सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही की मिसाल कायम होगी।
वही वैश्य मोर्चा जिला अध्यक्ष राजकुमार बरनवाल ने कहा कि देवघर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता को देखते हुए आम जनता को प्रशासन से बड़ी उम्मीदें हैं। विशेष रूप से आगामी विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला-2026 के सफल आयोजन को लेकर पूरे जिले की निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं।
केंद्रीय सचिव ध्रुव प्रसाद साह ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचते हैं। उन्हें विश्वास है कि प्रशासन के कुशल नेतृत्व में इस वर्ष का मेला श्रद्धालुओं के लिए अधिक सुरक्षित, सुगम, स्वच्छ और सुविधाजनक बनेगा।
वहीं जिला सचिव जितेंद्र कुमार चौधरी ने कहा कि झारखंड प्रदेश वैश्य मोर्चा जनहित के सभी कार्यों में जिला एवं पुलिस प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा और हर संभव सहयोग प्रदान करेगा।