
बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार युवक भीवां निवासी बलविंदर सिंह की मौत, दो गंभीर घायल
- टक्कर मारकर चालक वाहन सहित फरार, पुलिस ने शुरू की जांच
सिरसा।
जिले के रोड़ी थाना क्षेत्र में झोरड़रोही-थिराज रोड पर बुधवार रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 8:15 बजे गांव गुड़ा रजवाहा के पुल के पास एक तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान गांव भीमां निवासी बलविंदर सिंह पुत्र जेठू सिंह के रूप में हुई है। हादसे में मिठ्ठू सिंह पुत्र काका सिंह तथा बलजीत सिंह पुत्र खंडा सिंह, दोनों निवासी गांव भीमां, गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने बलविंदर सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि मिठ्ठू सिंह और बलजीत सिंह का उपचार जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर गांव पंजुआना से अपने गांव भीमां लौट रहे थे। इसी दौरान गुड़ा रजवाहा पुल के पास सामने से आई बोलेरो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन सहित फरार हो गया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अज्ञात बोलेरो चालक के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही फरार वाहन और चालक की तलाश की जा रही है।
Sirsa, Sirsa | Jul 9, 2026