
कनाडा के मिसिसॉगा में पंजाबी युवक पर एक विदेशी महिला ने चाकू से गर्दन पर हमला कर दिया। इससे पंजाबी युवक के गले की नसें कट गईं। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन ICU में कुछ देर रहने के बाद उसने दम तोड़ दिया। डॉक्टर ने बताया कि नसें कटने से दिमाग को ऑक्सीजन जाना बंद हो गई थी। घटना के बाद महिला मौके से भाग गई।मृतक की पहचान जगजीत सिंह संधू (29) के रूप में हुई है। जगजीत की बहन जसप्रीत कौर ने बताया कि यह घटना 6 सितंबर की है, लेकिन पुलिस ने अब कार्रवाई की है। पुलिस ने उस हमलावर विदेशी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।
आरोपी महिला की पहचान लोरेना सांचेज (42) के रूप में हुई है। मृतक की बहन का कहना है कि जगजीत सिंह संधू एक अन्य पंजाबी युवक को नस्लीय टिप्पणी से बचाने के लिए बीच-बचाव कर रहे थे। इसी दौरान उन पर यह हमला हुआ।
मृतक जगजीत की बहन जसप्रीत कौर ने बताया कि 6 सितंबर को उनके भाई की मिसिसॉगा में डंडास स्ट्रीट ईस्ट स्थित एक शेल्टर के बाहर बेरहमी से हत्या कर दी गई। शेल्टर में रहने वाली एक विदेशी महिला के बॉयफ्रेंड ने वहां एक भारतीय युवक को घेर रखा था। उस पर नस्ली टिप्पणियां करते हुए अपने देश वापस जाने को कहा जा रहा था। जसप्रीत कौर ने बताया- जगजीत ने यह देख बीच-बचाव कर उस भारतीय युवक को छुड़ाया, तो उसकी उस विदेशी महिला के बॉयफ्रेंड से बहस होने लगी। इसी दौरान महिला ने पीछे से आकर जगजीत की गर्दन के दाहिने हिस्से पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से दिमाग और दिल को जोड़ने वाली नसें कट गईं और अत्यधिक खून बहने की वजह से जगजीत को 10 सितंबर को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। जसप्रीत कौर का आरोप है कि इस पूरी ट्रेजडी के दौरान पील रीजनल पुलिस और स्थानीय प्रशासन का रवैया निराशाजनक और गैर-जिम्मेदाराना रहा। घटना के 3 दिन बाद तक पुलिस ने परिवार से कोई संपर्क नहीं किया। लगातार फोन करने के बावजूद कोई जवाब नहीं दिया।
#canada #police #toronto #misisauga #brampton #punjab