
पाही पर दादा की हत्या तो घर में पोते की कुल्हाड़ी से हत्या, दोहरे हत्याकांड से गांव में सनसनी
दिल्ली से प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था युवक
फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य
पवई (आजमगढ़)। पवई थाना क्षेत्र के हेवती गांव में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब दादा और पोते की निर्मम हत्या की खबर सामने आई। अज्ञात हमलावरों ने 70 वर्षीय जगदम्बा प्रसाद यादव और उनके 25 वर्षीय पोते श्रेयांशु उर्फ अंकित यादव की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है। वही हत्याकांड की जानकारी होने पर घटना स्थल आलाधिकारियों ने पहुँचकर ढांढस बंधाया और मामले की गहन जांच पड़ताल का आश्वासन किया ।
जानकारी के अनुसार, जगदम्बा प्रसाद यादव रात में गांव से लगभग 300 मीटर दूर स्थित अपनी पाही (छावनी) पर सो रहे थे, जबकि उनका पोता अंकित घर में था। देर रात करीब 75 वर्षीय दादी फूलकुमारी को कुछ आहट सुनाई दी। उन्होंने अंकित का नाम लेकर आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने दरवाजा खटखटाया तो घर में सो रहे अंकित के भाई शिवराज यादव, शिवकुमार और माता रबिंद्रा यादव बाहर आए।
परिजनों ने अंकित को लहूलुहान हालत में पाया और तत्काल इलाज के लिए अंबेडकर नगर के नग जलालपुर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसी दौरान पाही से सूचना मिली कि दादा जगदम्बा प्रसाद भी खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़े हैं।
मृतक अंकित दिल्ली में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था और कुछ दिन पहले ही गांव आया था। दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही एडीजे लायन ऑर्डर वाराणसी पीयूष मोड़िया , कप्तान डॉ अनिल कुमार , ग्रामीण पुलिस अधीक्षक चिराग जैन, सीओ किरण पाल सिंह, थानाध्यक्ष मनीष पाल तथा आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। जिले से आई फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने घर से करीब 200 मीटर दूर एक कुल्हाड़ी भी बरामद की है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
परिजनों ने बताया कि लगभग एक वर्ष पूर्व गांव के कुछ पट्टीदारों से रास्ते को लेकर विवाद हुआ था। मृतक के भाई शिवराज यादव ने राजमन यादव, राम उजागिर ,सन्तोष और सभाजीत के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। कप्तान डॉ अनिल कुमार का कहना है कि तहरीर के अनुसार कार्यवाही की जा रही है । हत्याकांड के खुलासे के लिए कई टीमें गठित किया गया है । शीघ्र ही हत्याकांड के मामले का खुलासा किया जायेगा ।