समरसेबिल से नहाते समय करंट लगने से युवक की मौत
मोहम्मदाबाद। थाना क्षेत्र के ग्राम नगला स्वामी निवासी हवलदार बाथम के 38 वर्षीय पुत्र राजवीर बाथम की रविवार शाम घरेलू समरसेबिल से नहाते समय करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
बताया गया कि राजवीर शाम करीब छह बजे समरसेबिल से नहा रहे थे। इसी दौरान अचानक समरसेबिल में करंट दौड़ गया, जिसकी चपेट में आने से वह बेहोश होकर गिर पड़े। परिजन आनन-फानन में उन्हें बेवर के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उन्हें देखने से मना कर दिया। बेवर से वापस लौटते समय रास्ते में ही राजवीर की मौत हो गई।
मृतक के भाई श्यामवीर ने थाना पुलिस को फौती सूचना दी। सूचना पर चौकी प्रभारी जसवीर सिंह मौके पर पहुंचे और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
राजवीर पांच भाइयों में सबसे छोटे थे और खेती व मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके पीछे पत्नी संगीता, दो पुत्रियां पलक व झलक और पुत्र देवा हैं। घटना के बाद मृतक की मां जयदेवी और पत्नी संगीता का रो-रोकर बुरा हाल है।