
70 लीटर महुआ शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
देवास पुलिस की कार्रवाई, शराब परिवहन में प्रयुक्त वाहन और मोबाइल भी जब्त
• 70 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त
• दो आरोपी गिरफ्तार
• वाहन, मोबाइल और नकदी भी बरामद
• ऑपरेशन प्रहार के तहत हुई कार्रवाई
• आरोपियों को न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा गया
देवास। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत देवास पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 70 लीटर महुआ शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शराब के अलावा एक प्लेजर वाहन, मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक देवास के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थ एवं शराब माफियाओं के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 2 जून की सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि हरिओम नगर और प्रताप नगर क्षेत्र के दो व्यक्ति अवैध रूप से महुए से बनी शराब बेचने जा रहे हैं।
सूचना के आधार पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के मार्गदर्शन में थाना सिविल लाइन पुलिस ने प्रताप नगर रोड स्थित नाले के पास घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान पीनू सिसौदिया (40) और विनोद कुशवाह उर्फ चाचू (45), निवासी हरिओम नगर, को पकड़ा गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से 35-35 लीटर की दो प्लास्टिक केनों में कुल 70 लीटर हाथ भट्टी से निर्मित कच्ची महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 10 हजार रुपये है, बरामद की। साथ ही प्लेजर वाहन क्रमांक MP46MC2820, एक की-पैड मोबाइल और 300 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
थाना सिविल लाइन में आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध क्रमांक 289/2026 दर्ज किया गया। न्यायालय में पेशी के बाद दोनों आरोपियों को जिला जेल भेज दिया गया।
सराहनीय भूमिका कार्रवाई में थाना प्रभारी अमित सोलंकी, राकेश तिवारी, संतोष रावत, सावित्री बामनिया, भरत मिलन यादव, मातादीन धाकड़, अंतर सिंह परमार एवं आरती गोस्वामी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।