
थाईलैंड की महिला ने कानपुर के कारोबारी पर लगाया 60 लाख रुपये की ठगी का आरोप
कानपुर: थाईलैंड की एक महिला ने कानपुर के चमड़ा कारोबारी मोहम्मद इरफान पर शादी के बाद 60 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि कारोबारी ने बिजनेस के नाम पर उससे रकम ली और बाद में रुपये वापस मांगने पर संपर्क करना बंद कर दिया।
महिला के मुताबिक, बिजनेस के सिलसिले में थाईलैंड आने के दौरान उसकी मुलाकात मोहम्मद इरफान से हुई थी। दोनों करीब चार साल तक रिलेशनशिप में रहे, जिसके बाद दो साल पहले उन्होंने शादी कर ली। शादी के बाद इरफान हर दो महीने में उससे मिलने थाईलैंड जाता था।
महिला का आरोप है कि इसी दौरान कारोबारी ने बिजनेस के नाम पर उससे करीब 60 लाख रुपये लिए। जब उसने रकम वापस मांगी तो इरफान ने कथित तौर पर थाईलैंड छोड़कर कानपुर आने और धर्म परिवर्तन करने की शर्त रखी।
महिला के अनुसार, कारोबारी बाद में थाईलैंड से कानपुर आ गया और उसका फोन उठाना बंद कर दिया। इसके बाद सोमवार को महिला अपने पति की तलाश में लाटूश रोड स्थित उसके घर पहुंची। वहां उसे कथित तौर पर पता चला कि जिस व्यक्ति से उसने शादी की है, वह पहले से शादीशुदा है।
मामले को लेकर महिला ने मंगलवार को एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह से शिकायत की और पूरे प्रकरण की जांच कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।