
रमना -हरादाग में दो अवैध शराब भट्ठियां ध्वस्त, 75 लीटर शराब बरामद
अनुमंडल ब्यूरो राहुल वर्मा कि रिपोर्ट
रमना (गढ़वा) : जिले में चलाए जा रहे नशामुक्त अभियान के तहत उत्पाद विभाग की टीम ने रमना प्रखंड के हरादाग कला एवं हरादाग खुर्द गांव में छापेमारी कर दो अवैध शराब चुलाई भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान 75 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की गई, जबकि लगभग 10 क्विंटल जावा महुआ तथा शराब निर्माण में प्रयुक्त अन्य सामग्री को मौके पर ही विनष्ट कर दिया गया।
उत्पाद अधीक्षक संजीत कुमार देव ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान अवैध शराब निर्माण का कारोबार संचालित होने की पुष्टि हुई। हालांकि उत्पाद विभाग की टीम के पहुंचने से पहले ही आरोपित मौके से फरार हो गए।
मामले में हरादाग कला निवासी राजू चौधरी व धर्मेंद्र चौधरी तथा हरादाग खुर्द निवासी चंदन कुमार के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। छापेमारी दल में उत्पाद अवर निरीक्षक निर्मल मरांडी, उत्पाद आरक्षी मुकेश सिंह, ओमप्रकाश सिंह तथा गृह रक्षक के जवान शामिल थे।
Garhwa, Garhwa | Jul 9, 2026