
पीलीबंगा: अवैध शराब के साथ एक गिरफ्तार, पुलिस ने 24 बोतल अंग्रेजी व 96 पव्वे देशी शराब की बरामद
रात्रिकालीन गश्त के दौरान पुलिस को मिली बड़ी सफलता, झाड़ियों के पास चार कार्टन लेकर खड़ा था आरोपी
#lalbahadurbhakharjournlist L.b. Bhakhar
पीलीबंगा (हनुमानगढ़) #लालबहादुर_भाखर
थाना पुलिस ने क्षेत्र में अवैध नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। रात्रिकालीन गश्त के दौरान पुलिस टीम ने एक युवक को भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी और देशी शराब के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने चार कार्टन जब्त किए हैं, जिनमें अंग्रेजी व्हिस्की और देशी शराब भरी हुई थी। पुलिस ने राजस्थान आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई 9 जुलाई की रात को अमल में लाई गई। उपनिरीक्षक चैनदान अपनी टीम के साथ जाखड़ावाली चौकी क्षेत्र में रूटीन गश्त पर थे। इसी दौरान पुलिस को एक विश्वसनीय मुखबिर से गुप्त सूचना मिली कि गांव चक 18 एसपीडी स्थित शराब ठेके के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब की खेप कहीं और ले जाने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए मौके पर दबिश दी।
जब पुलिस टीम बताए गए स्थान पर पहुंची, तो वहां झाड़ियों के पास एक युवक चार बड़े कार्टनों के साथ संदिग्ध हालत में खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद टीम ने उसे घेराबंदी कर दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान रतीराम (पुत्र भानीराम मेघवाल) , निवासी चक 18 एसपीडी-ए के रूप में बताई है ।
जब पुलिस ने मौके पर मिले चारों कार्टनों को खोलकर उनकी तलाशी ली, तो उसमें से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई:
कार्टन नंबर 1 में ऑफिसर्स चॉइस प्राइम व्हिस्की की 12 बोतलें (अंग्रेजी) कार्टन नंबर 2 में ग्रीन लेबल व्हिस्की की 12 बोतलें (अंग्रेजी) कार्टन नंबर 3 व 4 में हीर-रांझा देशी शराब के 48-48 पव्वे (कुल 96 पव्वे) मिले
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 24 बोतल अंग्रेजी शराब और 96 पव्वे देशी शराब जब्त कर ली है। पुलिस अब इस बात का पता लगा रही है कि आरोपी यह शराब कहाँ से लाया था और इसे कहाँ सप्लाई करने जा रहा था।
लालबहादुर भाखर संवाददाता