
*रीवा में कल्पना मिश्रा मौत मामले में बवाल कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान पुलिस से झड़प, बैरिकेड तोड़ने पर पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले, झाबुआ विधायक विक्रांत भूरिया की आंख में चोट*
*उप मुख्यमंत्री के आवास की ओर जा रहे थे सैकड़ों कार्यकर्ता, धक्का-मुक्की और झूमाझटकी के बाद बिगड़े हालात, विक्रांत भूरिया का आरोप - पुलिस ने आंख में मारा डंडा, फोड़ने की कोशिश की, पिता की 9वें दिन अनशन पर बिगड़ी हालत, PCC चीफ जीतू पटवारी ने की मुलाकात*
रीवा। शहर के अग्रसेन चौराहे पर पिछले 5 दिनों से कल्पना मिश्रा की मौत के मामले में चल रहा कांग्रेस का न्याय सत्याग्रह गुरुवार को हिंसक झड़प में बदल गया। गुरुवार को धरना स्थल से सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता सिरमौर चौराहे की ओर कूच कर रहे थे, जहां कल्पना मिश्रा के पिता पिछले 9 दिनों से कार्रवाई और न्याय की मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठे हैं। इसी दौरान रास्ते में पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की, झूमाझटकी और झड़प हो गई।
*बैरिकेड तोड़ने की कोशिश पर पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले*
पुलिस के मुताबिक कांग्रेस कार्यकर्ता जब बैरिकेडिंग के पास पहुंचे तो उन्होंने बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिस पर दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। देखते ही देखते स्थिति बिगड़ने लगी और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। आंसू गैस छोड़ते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस झड़प में आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और झाबुआ विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया की आंख में गंभीर चोट आई है। घायल अवस्था में उन्होंने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। विक्रांत भूरिया ने कहा कि "मैं लगातार मना करता रहा, लेकिन पुलिस ने मेरी आंख में डंडे से मारा। मेरी आंख फोड़ने की कोशिश की गई।" इस घटना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में और अधिक आक्रोश फैल गया।
*9वें दिन पिता की हालत बिगड़ी, लेटकर कर रहे अनशन*
उधर सिरमौर चौराहे पर कल्पना मिश्रा के पिता का आमरण अनशन गुरुवार को 9वें दिन भी जारी रहा, लेकिन अब उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। परिजनों के मुताबिक लगातार भूख हड़ताल के कारण उनके शरीर में अत्यधिक कमजोरी आ गई है। अब वे ठीक से बैठ भी नहीं पा रहे हैं और लेटकर ही अनशन कर रहे हैं। उनकी हालत इतनी खराब हो चुकी है कि वे ठीक से बातचीत भी नहीं कर पा रहे हैं। परिजनों ने स्पष्ट कहा है कि जब तक बेटी कल्पना को न्याय नहीं मिलता और मामले में जिम्मेदार डॉक्टरों व लोगों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होती, तब तक पिता का अनशन जारी रहेगा, चाहे उनकी जान ही क्यों न चली जाए।
*जीतू पटवारी ने की पिता से मुलाकात, विधानसभा में उठाने का ऐलान*
कांग्रेस के इस प्रदर्शन को समर्थन देने गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी रीवा पहुंचे। वे पहले अग्रसेन चौराहे पर चल रहे कांग्रेस के धरना स्थल पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इसके बाद वे सीधे सिरमौर चौराहे पर पहुंचे, जहां उन्होंने अनशन पर बैठे कल्पना मिश्रा के पिता से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प के बाद जीतू पटवारी ने सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कल्पना मिश्रा के मामले को कांग्रेस के सभी विधायक विधानसभा में प्रमुखता से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल और मुख्य सचिव से भी मुलाकात कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग करेगा। उन्होंने कहा कि जब तक रीवा की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार नहीं होता और कल्पना मिश्रा को न्याय नहीं मिलता, तब तक कांग्रेस का यह आंदोलन जारी रहेगा।
Mauganj, Rewa | Sep 10, 2026